क्यूआर कोड के माध्यम से मिलेगी भूस्खलन की जानकारी

उत्त्तरकाशी। चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के रूट पर भूस्खलन की जानकारी क्यूआर कोड के माध्यम से मिलेगी। इसके लिए पुलिस की ओर से यात्रा रूट के मुख्य पड़ावों पर 50 क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। सभी थानों को यह क्यूआर कोड वितरित कर दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल ने बताया कि चारधाम यात्रा में यात्रियों को सबसे अधिक समस्या मार्ग और मूलभूत सुविधाओं के स्थानों को ढूंढने में होती है। वहीं कई बार यात्रा रूटों पर मार्ग बाधित होने के कारण परेशानी उठानी पड़ती है। इसलिए इस वर्ष पुलिस की ओर से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के मुख्य पड़ावों पर करीब पचास क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। यह चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रियों की सुविधा के लिए पहला प्रयोग है।